IMG-20260118-WA0278

कैराना। शामली जिले के कैराना क्षेत्र के मवी गांव में पंचायत निर्वाचन सूची में नाम शामिल न किए जाने से नाराज ग्रामीणों ने तहसील कार्यालय पहुंचकर प्रशासन से कार्रवाई की मांग की। पूर्व प्रधान के नेतृत्व में दर्जनों ग्रामीणों ने एसडीएम निधि भारद्वाज से मिलकर न्याय की गुहार लगाई।

ग्रामीणों ने बताया कि करीब छह वर्ष पूर्व उन्होंने मवी गांव में जमीन खरीदकर स्थायी रूप से निवास करना शुरू किया था। इसके बाद उनके नाम विधानसभा चुनाव की मतदाता सूची में विधिवत रूप से दर्ज किए गए थे। ग्रामीणों के पास निवास, पहचान सहित सभी आवश्यक दस्तावेज मौजूद हैं।

इसके बावजूद ग्राम पंचायत की निर्वाचन सूची में उनके नाम शामिल नहीं किए गए हैं, जिससे उनमें रोष व्याप्त है। ग्रामीणों का कहना है कि इस संबंध में संबंधित अधिकारियों द्वारा गांव में मौके पर जाकर जांच भी की जा चुकी है तथा सत्यापन अभियान के दौरान सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई थीं।

पूर्व प्रधान दिलशाद ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताते हुए कहा कि जब मतदाता सूची में नाम दर्ज हैं और सभी दस्तावेज पूर्ण हैं, तो पंचायत चुनाव की सूची से नाम हटाया जाना समझ से परे है। ग्रामीणों ने मांग की कि पंचायत निर्वाचन सूची में शीघ्र उनके नाम जोड़े जाएं, ताकि वे आगामी पंचायत चुनाव में अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।

एसडीएम निधि भारद्वाज ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि मामले की गंभीरता से जांच कराई जाएगी और नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!