कैराना। शामली के जिलाधिकारी अरविंद चौहान गुरुवार दोपहर कैराना तहसील के वार्षिक निरीक्षण के लिए पहुंचे। एसडीएम निधि भारद्वाज और तहसीलदार अर्जुन चौहान ने गुलदस्ता भेंटकर उनका स्वागत किया
।डीएम ने तहसील परिसर के विभिन्न न्यायालयों, रजिस्ट्रार-कानूनगो कार्यालय, खतौनी कक्ष, रिकॉर्ड रूम सहित सभी कार्यालयों का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने लंबित वादों के शीघ्र निस्तारण, राजस्व वसूली के शत-प्रतिशत लक्ष्य को वित्तीय वर्षांत तक पूरा करने तथा आईजीआरएस पोर्टल की शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। शिकायत निस्तारण में निष्पक्षता और पारदर्शिता पर जोर देते हुए स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसआईआर) नोटिसों के लिए अपीलार्थियों की सुगम व्यवस्था करने को कहा।तहसील कार्यालयों की सफाई पर संतोष जताया। निरीक्षण के दौरान एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह, नायब तहसीलदार सतीश यादव, आपूर्ति निरीक्षक मदनपाल सिंह व शौदान सिंह, राजस्व निरीक्षक अरुण कुमार, देवानंद, विनोद कुमार, लेखपाल लवकेश तंवर, अनुराग पंवार, विजित पंवार तथा स्टेनो दुष्यंत राणा आदि मौजूद रहे।




