सहारनपुर। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन सवेरा—नशे के अंधकार से जीवन के उजाले की ओर” अभियान के तहत थाना बेहट पुलिस ने एक शातिर नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 265 ग्राम अवैध स्मैक पाउडर बरामद करने का दावा किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 25 सितंबर 2026 को मुखबिर की सूचना पर थाना बेहट पुलिस ग्राम रीढ़ी मोहउद्दीनपुर की ओर जाने वाले रास्ते पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने उस्मान पुत्र यासीन निवासी ग्राम रीढ़ी मोहउद्दीनपुर, थाना बेहट को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 265 ग्राम स्मैक बरामद हुई।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तारी एवं बरामदगी के आधार पर थाना बेहट में मु0अ0सं0 390/2026, धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी के मादक पदार्थों के अवैध कारोबार से जुड़े फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक की जांच की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में कुल सात मुकदमे दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2022 से 2026 तक थाना बेहट में एनडीपीएस एक्ट के कई मामले शामिल हैं।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक जितेन्द्र सिंह दीखित, उपनिरीक्षक विकास कुमार, कांस्टेबल जसवंत सिंह और कांस्टेबल संजू सैम शामिल रहे। पुलिस ने आरोपी को विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष पेश करने की बात कही है।
