कासगंज। नवरात्रि पर्व के दृष्टिगत जनपद की कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए पुलिस अधीक्षक कासगंज श्री ओ.पी. सिंह के निर्देशन में समस्त थाना क्षेत्रों में व्यापक पुलिस प्रबंध किया गया है। इसी क्रम में एसपी ने मंगलवार को थाना सोरों क्षेत्रांतर्गत पुलिस बल के साथ पैदल गश्त की और त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था का सघन निरीक्षण किया।

दौरे के दौरान पुलिस अधीक्षक ने क्षेत्र के प्रमुख दुर्गा पंडालों, रामलीला स्थलों एवं मंदिरों का भ्रमण कर वहां तैनात पुलिस बल की तैनाती, गश्त व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन तथा आपातकालीन तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने, संवेदनशील स्थानों पर नियमित गश्त करने और किसी भी असामान्य गतिविधि की तत्काल सूचना देने के निर्देश दिए।
मिशन शक्ति के तहत विशेष प्रबंध
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जनपद के प्रत्येक थाना क्षेत्र में नवरात्रि का पावन पर्व चल रहा है। कहीं दुर्गा प्रतिमाएं पंडालों में स्थापित की गई हैं, तो कहीं रामलीला का आयोजन हो रहा है और धार्मिक यात्राएं निकाली जा रही हैं। प्रत्येक नागरिक की धार्मिक आस्था एवं रीति-रिवाज पूर्ण शांति, सुरक्षा और सम्मान के साथ संपन्न हो, इसके लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह कटिबद्ध है।

उन्होंने बताया कि महिलाओं एवं बालिकाओं को मंदिरों, पंडालों तथा धार्मिक कार्यक्रमों में सुरक्षित वातावरण में भाग लेने का अवसर मिले, इसके लिए उत्तर प्रदेश शासन के मिशन शक्ति फेज 6.0 अभियान के तहत विशेष पुलिस प्रबंध किए गए हैं। इसके अंतर्गत महिला सुरक्षा, पैदल गश्त, संवेदनशील स्थानों पर चौकसी और जनता से सीधा संपर्क सुनिश्चित किया जा रहा है।
जनता से अपील
पुलिस अधीक्षक श्री ओ.पी. सिंह ने जनपदवासियों से अपील की कि मां शक्ति का पर्व नवरात्रि तथा भगवान श्री राम का विजयदशमी पर्व बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। सभी नागरिक त्योहारों को भाईचारे, एकता और शांति के साथ मनाएं।
उन्होंने विशेष रूप से कहा कि सोशल मीडिया पर प्रचलित किसी भी अफवाह पर तुरंत प्रतिक्रिया न दें। किसी भी संदिग्ध संदेश, वीडियो या सूचना की सत्यता की जांच करें और आपसी भाईचारे को बनाए रखें।
पुलिस से संपर्क करें
जनता से अपील की गई है कि त्योहारों के दौरान पुलिस द्वारा जारी आदेश-निर्देशों एवं यातायात व्यवस्था का पालन करें। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वाहन या वस्तु दिखने पर तत्काल नजदीकी थाने अथवा पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित करें।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि कासगंज पुलिस जनता की सुरक्षा एवं सेवा हेतु सदैव तत्पर है और त्योहारों के दौरान शांतिपूर्ण वातावरण सुनिश्चित करने के लिए सभी संभावित कदम उठाए जा रहे हैं।
