IMG-20261123-WA0176

कासगंज। उत्तर प्रदेश पुलिस के गौरवशाली इतिहास, अदम्य साहस, अनुशासन एवं अटूट कर्तव्यनिष्ठा के प्रतीक “पुलिस झण्डा दिवस” के अवसर पर सोमवार को पुलिस लाइन कासगंज में भव्य ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस अधीक्षक कासगंज श्री ओ0पी0 सिंह ने पुलिस लाइन के क्वार्टर गार्द पर पुलिस ध्वज फहराया। इसके बाद उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पुलिस ध्वज को सलामी दी।

ध्वजारोहण के पश्चात पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पुलिस ध्वज का प्रतीक चिन्ह, अर्थात पुलिस झण्डा स्टीकर लगाया तथा पुलिस झण्डा दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उन्होंने पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश का संदेश भी पढ़कर सुनाया।

पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों एवं जवानों से अपील की कि वे अपने कर्तव्यों के निर्वहन में ईमानदारी, निष्ठा, अनुशासन एवं संवेदनशीलता का पूर्ण पालन करें। उन्होंने कहा कि पुलिस ध्वज केवल एक प्रतीक नहीं, बल्कि पुलिस बल की गौरवशाली परंपरा, साहस और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक है। इसकी गरिमा बनाए रखने के लिए प्रत्येक पुलिसकर्मी को जनता की सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था के प्रति पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करना चाहिए।

इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी ऑफिस श्री रजनीश उपाध्याय, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन श्री सुभाष सिंह सहित पुलिस लाइन के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान पुलिस ध्वज को सलामी देकर उसके प्रति गहरा सम्मान प्रदर्शित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!