IMG-20261116-WA0259

कासगंज। आगामी चुनाव के मद्देनजर कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक कासगंज श्री ओ.पी. सिंह ने सोमवार, दिनांक 16 नवंबर 2026 को थाना पटियाली का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाने की कार्यप्रणाली, अभिलेखों के रखरखाव, हवालात तथा महिला सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा की।
एसपी ने थाना कार्यालय में रखे समस्त महत्वपूर्ण अभिलेखों, अपराध रजिस्टर, त्योहार रजिस्टर, बीट सूचना रजिस्टर, सीसीटीएनएस कार्यालय, मालखाना, हवालात, महिला हेल्प डेस्क तथा मिशन शक्ति केंद्र का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने थाना परिसर की साफ-सफाई और सभी अभिलेखों को अद्यतन एवं व्यवस्थित रखने के निर्देश संबंधित पुलिसकर्मियों को दिए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने थाना क्षेत्र में घटित अपराधों की समीक्षा करते हुए टॉप-10 अपराधियों एवं सक्रिय अपराधियों की गतिविधियों पर विशेष नजर रखने को कहा। उन्होंने हिस्ट्रीशीटरों के भौतिक सत्यापन, वांछित, वारंटी तथा पुरस्कार घोषित अभियुक्तों की शत-प्रतिशत गिरफ्तारी करने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही ऑपरेशन क्लीन, ऑपरेशन त्रिनेत्र सहित अन्य अभियानों की प्रगति की समीक्षा की गई। एसपी ने रात्रि गश्त, पिकेट, पैदल गश्त तथा संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग को और अधिक सक्रिय व प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
लंबित विवेचनाओं की समीक्षा
पुलिस अधीक्षक ने थाने में लंबित विवेचनाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि विवेचना को गुणवत्तापूर्ण, निष्पक्ष एवं समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराया जाए, ताकि पीड़ितों को न्याय समय पर मिल सके।
उन्होंने कहा कि फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से लिया जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। थाने पर आने वाले नागरिकों के साथ संवेदनशील एवं मित्रवत व्यवहार सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
आगामी चुनाव को देखते हुए एसपी ने हिस्ट्रीशीटरों के सत्यापन को प्राथमिकता देने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि जिन हिस्ट्रीशीटरों की मृत्यु हो चुकी है, उनका नियमानुसार खाका नष्ट कराया जाए।
सक्रिय हिस्ट्रीशीटरों के विरुद्ध नियमानुसार प्रभावी निरोधात्मक कार्रवाई की जाए। जो हिस्ट्रीशीटर थाना क्षेत्र से बाहर रह रहे हैं, उनके विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई हेतु संबंधित थाने या जनपद को फर्द काटकर भेजा जाए।
लापता हिस्ट्रीशीटरों का सत्यापन
एसपी ने लापता हिस्ट्रीशीटरों की पहचान एवं सत्यापन के लिए एक पुलिस अधिकारी की नियुक्ति कर उन्हें इस कार्य में डिप्यूट करने के निर्देश भी दिए। इसके अलावा क्षेत्र में निरोधात्मक कार्रवाई से जुड़े संभावित विवादों को चिह्नित करने तथा रंजिशन प्रकरणों में संबंधित पक्षकारों के खिलाफ पाबंदी कार्रवाई कराने को कहा।
उन्होंने वारंटियों की गिरफ्तारी को भी प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। एसपी ने पुलिसकर्मियों से कहा कि चुनाव के दौरान शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी सतर्कता और निष्ठा के साथ ड्यूटी निभाई जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!