सहारनपुर। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 17 और 24 अक्टूबर को प्रत्येक पोलिंग स्टेशन तथा प्रत्येक बूथ पर वोटर सूची का सत्यापन किया जाएगा। इस अवसर पर नए मतदाता बनवाने हेतु फॉर्म संख्या 6 की प्रक्रिया लागू की जाएगी। वहीं, विवाह के बाद पता बदलने वाले, घर छोड़कर अन्य स्थान पर चले गए या मृतक मतदाताओं के नाम हेतु फॉर्म संख्या 7 भरकर विलोपन कराया जा सकेगा। नाम या पते में संशोधन के लिए फॉर्म संख्या 8 भरा जा सकता है।
इसी क्रम में “वोट बनाओ” जागरूकता अभियान के तहत महानगर संगठन के नेतृत्व में वरिष्ठ समाजवादी पार्टी नेता एवं पार्षद अभिषेक टिंकू अरोड़ा ने सहारनपुर नगर विधानसभा क्षेत्र संख्या 03 के विभिन्न पोलिंग स्टेशनों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने महानगर अध्यक्ष हाजी नवाब अंसारी और विधानसभा अध्यक्ष काशिफ अल्वी के साथ बूथ-बूथ जाकर मतदाताओं को वोट बनवाने एवं मतदान के अधिकार के प्रति जागरूक किया।
पोलिंग स्टेशनों पर पहुंचकर अभिषेक टिंकू अरोड़ा ने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) से वोटर सूची सत्यापन और संबंधित प्रक्रिया की पूरी जानकारी ली। उन्होंने मतदाताओं की समस्याओं को सुना तथा उनके निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों से सहयोग कराया।
इस अवसर पर जिला कार्यालय प्रभारी फैसल सलमानी और राष्ट्रीय सचिव मुस्तकीम राणा ने कहा कि लोकतंत्र में वोट ही नागरिक का सबसे बड़ा अधिकार है। उन्होंने सभी पात्र नागरिकों से अपना नाम वोटर सूची में सुनिश्चित कराने और मतदान में भाग लेने की अपील की।
वरिष्ठ सपा नेता और पार्षद अभिषेक टिंकू अरोड़ा ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र 03 का कोई भी व्यक्ति यदि वोटर सूची, नाम संशोधन, नया वोट बनवाने या अन्य संबंधित समस्या से जूझ रहा है, तो वह महानगर कमेटी या उनसे संपर्क कर सकता है। उन्होंने आश्वासन दिया कि हर संभव सहयोग करते हुए समस्या का शीघ्र निस्तारण कराया जाएगा।
उन्होंने विशेष रूप से 18 वर्ष पूर्ण कर चुके युवाओं से अपना वोट अवश्य बनवाने की अपील की। साथ ही उन्होंने कहा कि जिन युवाओं की हाल ही में शादी हुई है, वे अपनी पत्नी के आधार कार्ड में आवश्यक संशोधन भी करवा लें, ताकि वोट बनवाने या वोटर सूची में नाम जुड़वाने में किसी प्रकार की कठिनाई न आए।
इस अभियान में सपा के कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया तथा मतदाताओं को फॉर्म भरने और वोटर सूची सत्यापन की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी।
