कस्बा झिंझाना के मोहल्ला शेखामैदान निवासी दिव्यांग कमल सैनी ने जिलाधिकारी शामली अरविंद चौहान को शिकायती पत्र भेजकर दो व्यक्तियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने ग्राम जमालपुर की खसरा संख्या 429 वाली 0.2850 हेक्टेयर जमीन पर अपनी पैतृक स्वामित्व का दावा किया है, जो 2011 में उनके पिता सतपाल सिंह ने अनिल कुमार उर्फ आलम और श्रीमती खेमो देवी से बैनामा द्वारा खरीदी थी। पिता के निधन के बाद यह जमीन कमल और उनके भाई सुधीर के नाम खतौनी में दर्ज हो चुकी है, तथा उन्होंने इसके कुछ हिस्सों को प्लॉट बनाकर बैनामा कर दिया है, जहां क्रेताओं का शांतिपूर्ण कब्जा है। आरोप है कि गांव अशरफपुर व जमालपुर के कुछ लोग वैध बैनामों को फर्जी बताकर उच्चाधिकारियों को झूठी शिकायतें कर रहे हैं, ताकि जमीन हड़प ली जाए। दोनों पैरों से दिव्यांग कमल सैनी का कहना है कि विपक्षी उनकी शारीरिक कमजोरी का फायदा उठाकर मानसिक प्रताड़ना दे रहे हैं, जबकि उनके पास कोई वैध दावा नहीं है। उन्होंने डीएम से निष्पक्ष जांच और फर्जी शिकायतकर्ताओं के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है, ताकि न्याय मिल सके।
