सहारनपुर। जिले में चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब हाई-सिक्योरिटी शोरूम भी उनके निशाने पर हैं। बीती रात दिल्ली रोड स्थित कैरटलेन टाटा कंपनी के नामी डायमंड शोरूम में चोरों ने फिल्मी अंदाज में बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया और आराम से फरार हो गए।
हैरानी की बात यह रही कि न तो शोरूम का सायरन बजा और न ही किसी को चोरी की भनक लगी।
जानकारी के मुताबिक, शातिर चोर पूरी तैयारी के साथ आए थे। उन्होंने छत के रास्ते शोरूम में एंट्री की और फिर दीवार को काटकर अंदर रखे कीमती हीरे और आभूषण समेट लिए। वारदात को इतनी सफाई से अंजाम दिया गया कि सुरक्षा इंतजाम भी बेअसर साबित हुए।
शुक्रवार सुबह जब शोरूम का स्टाफ रोज की तरह पहुंचा तो अंदर का नजारा देखकर सन्न रह गया। सामान बिखरा पड़ा था और अलमारियां खाली थीं। आनन-फानन में शोरूम मैनेजर ने उच्चाधिकारियों और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही एसपी सिटी व्योम बिंदल और एएसपी मनोज कुमार मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शोरूम और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में चोरी गए माल की कीमत करोड़ों रुपये बताई जा रही है, हालांकि पुलिस का कहना है कि पूरा आकलन जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। इस बड़ी चोरी के बाद पुलिस की रात्रि गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
फिलहाल पुलिस की कई टीमें जांच में जुटी हैं और दावा किया जा रहा है कि जल्द ही चोरों तक पहुंच बनाई जाएगी। लेकिन शहर में इस वारदात से व्यापारियों में दहशत का माहौल है।
