कैराना। पति से हुए विवाद के बाद मानसिक तनाव में आई एक महिला अपने आठ वर्षीय बेटे को लेकर आत्महत्या करने के लिए यमुना नदी पर पहुंच गई। लेकिन मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी की सतर्कता और समझदारी ने दोनों की जान बचा ली।मंगलवार को यूपी-हरियाणा सीमा पर स्थित यमुना ब्रिज चौकी पर तैनात हेड कांस्टेबल बबलू सिंह ने एक महिला और बच्चे को परेशान हालत में पुराने यमुना पुल की ओर जाते देखा। संदेह होने पर उन्होंने दोनों को रोककर कारण पूछा। पूछताछ में महिला ने बताया कि वह नदी में कूदकर जान देने का इरादा रखती है।हालात की गंभीरता को भांपते हुए हेड कांस्टेबल बबलू सिंह महिला को चौकी ले आए और मिशन शक्ति केंद्र को सूचना दी। इसके बाद महिला कांस्टेबल मनीषा मौके पर पहुंचीं और महिला की काउंसलिंग कर उसे शांत किया।महिला शामली के मोहल्ला नानुपुरा मस्जिद वाली गली की निवासी है। बताया गया कि घरेलू विवाद के चलते वह अचानक बेटे सुमान के साथ यमुना नदी पहुंच गई थी। पुलिस ने परिजनों को बुलाकर महिला और बच्चे को उनके हवाले कर दिया।इस मानवीय कदम की सराहना करते हुए स्थानीय लोगों ने कहा कि यदि पुलिसकर्मी ने समय रहते हस्तक्षेप न किया होता तो दोनों की जान जा सकती थी। गौरतलब है कि 3 अक्टूबर को कैराना कस्बे के मोहल्ला अफगानान निवासी सलमान ने अपने चार मासूम बच्चों के साथ यमुना नदी में कूदकर आत्महत्या कर ली थी, जिनमें से तीन बच्चों के शव आज तक नहीं मिल पाए हैं।
