कैराना। नगर की सड़कों और गलियों में बेहतर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए नगरपालिका परिषद कैराना जल्द ही नई लाइटों की खरीद करेगी। सोमवार को नगरपालिका सभागार में आयोजित बोर्ड बैठक में यह प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया। बैठक की अध्यक्षता चेयरमैन शमशाद अहमद अंसारी ने की, जबकि संचालन अधिशासी अधिकारी समीर कश्यप ने किया।बैठक में नगर के विकास से जुड़े कई प्रस्तावों पर चर्चा हुई। इनमें प्रमुख रूप से मीट प्लांट के सामने जमा कूड़े को हटाकर डंपिंग ग्राउंड में डलवाने, आगामी शीत लहर से बचाव हेतु नगर के विभिन्न स्थानों पर अलाव जलवाने तथा कांधला बस स्टैंड के पास मेला छड़ियान-2025 आयोजित करने के प्रस्ताव शामिल रहे। चर्चा के बाद सभी प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान की गई।हालांकि, बैठक के दौरान कुछ सभासदों ने मीट प्लांट के सामने पड़े कूड़े को हटवाने के लिए प्रस्तावित 20 लाख रुपये के खर्च पर कड़ा विरोध जताया। इस मुद्दे पर सभागार में काफी देर तक हंगामा चलता रहा।बैठक में अवर अभियंता (जल) हिमांशु नारायण, अवर अभियंता (सिविल) राहुल कुमार, कार्यालय अधीक्षक जैगम हुसैन, जलकल लिपिक तासीम अली, लेखाकार राकेश कुमार सहित सभासद मोहम्मद असलम, रविन्द्र कुमार, महबूब चौधरी, मौलवी फुरकान, तौसीफ चौधरी, रईस अहमद, उम्मेद राणा, नौशाद अंसारी, सालिम चौधरी, शगुन मित्तल, सागर गर्ग, बलवान, कादिर हसन आदि उपस्थित रहे।नगरवासियों को उम्मीद है कि नई लाइटों के लगने से रात के समय नगर की सड़कों पर आवागमन और भी सुरक्षित और सुगम होगा।
