कैराना। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन सवेरा: नशे के अंधकार से, जीवन के उजाले की ओर’ के तहत कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने सोमवार देर रात चेकिंग के दौरान एक मादक पदार्थ तस्कर को हिरासत में लिया, जिसके कब्जे से 293 ग्राम चरस बरामद की गई।डीआईजी सहारनपुर के निर्देशन में पूरे परिक्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार और प्रतिबंधित दवाओं की तस्करी पर रोक लगाने के उद्देश्य से यह अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में एसपी शामली नरेन्द्र प्रताप सिंह के मार्गदर्शन में कैराना पुलिस की टीम ने इलाके में सघन चेकिंग अभियान चलाया।इस दौरान पुलिस टीम ने संदेह के आधार पर एक युवक को रोका। तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से 293 ग्राम चरस बरामद हुई। पकड़े गए युवक ने पूछताछ में अपना नाम तसव्वर निवासी ग्राम इस्सापुर खुरगान बताया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करते हुए उसका चालान न्यायालय में पेश कर दिया है।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि समाज को नशे के दुष्प्रभाव से मुक्त किया जा सके।
