IMG-20251013-WA0020

कैराना । बुच्चाखेड़ी गांव के ग्रामीणों ने सरकारी राशन डीलर पर गंभीर आरोप लगाते हुए प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि डीलर प्रत्येक कार्ड धारक को तीन किलोग्राम राशन कम देता है और राशन वितरण की प्रक्रिया में मनमानी करता है।सोमवार को गांव के दर्जनों ग्रामीण, प्रधानपति आजाद कश्यप के नेतृत्व में तहसील मुख्यालय पहुंचे और एसडीएम कैराना निधि भारद्वाज एवं आपूर्ति निरीक्षक मदनपाल सिंह को एक लिखित शिकायत सौंपी। शिकायत में बताया गया कि पहले गांव में राशन का वितरण कश्यप चौपाल के पास किया जाता था जिससे ग्रामीणों को सुविधा रहती थी, लेकिन अब डीलर अपने घर से वितरण कर रहा है, जो कई उपभोक्ताओं के लिए दूर है और परेशानी का कारण बन रहा है।ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि डीलर अपनी सुविधा और मर्जी के अनुसार राशन की दुकान खोलता और बंद करता है, जिससे उपभोक्ताओं को तय समय पर राशन नहीं मिल पाता। पत्र में स्पष्ट उल्लेख किया गया कि डीलर गैर-कानूनी तरीके से हर कार्ड धारक का तीन किलोग्राम राशन रोक लेता है। शिकायतकर्ताओं की मांग है कि भविष्य में राशन का वितरण नियमानुसार और गांव के शिव मंदिर के पास स्थित सरकारी दुकानों से ही किया जाए।शिकायत पत्र पर हरिचंद, धीरसिंह, सलेक, अभिषेक, सुशील, सतीश, तेजपाल, सुभाष, सोनिया सहित कई ग्रामीणों के हस्ताक्षर मौजूद हैं। इस मामले में एसडीएम कैराना ने बताया कि संबंधित तहसीलदार को जांच कर विस्तृत रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!