कैराना।महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के उद्देश्य से शनिवार को विजय सिंह पथिक राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत एक विशेष फैशन डिजाइनिंग एवं ड्रेस कटिंग प्रदर्शन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं ने महाराष्ट्र की प्रसिद्ध पैठणी साड़ी की आकर्षक झलक प्रस्तुत की, जिससे भारतीय परंपरा और आधुनिक डिजाइनिंग का सुंदर संगम देखने को मिला।कार्यक्रम का उद्घाटन महाविद्यालय के प्राचार्य डा. हरेंद्र सिंह ने किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी पहचान बना रही हैं, फैशन डिजाइनिंग जैसे कोर्स न केवल रचनात्मकता बढ़ाते हैं, बल्कि आत्मनिर्भरता की दिशा में भी बड़ा कदम हैं। उन्होंने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि अपनी कला को आजीविका का माध्यम बनाकर महिलाएं समाज में उदाहरण प्रस्तुत कर सकती हैं।मिशन शक्ति प्रभारी डा. नीतू त्यागी के नेतृत्व व डा. लतिका यादव के निर्देशन में गृह विज्ञान और अंग्रेजी विभाग की छात्राओं ने महाराष्ट्र की पैठणी साड़ी के बॉर्डर पैटर्न को तीन फीट लंबी रंगोली के रूप में सजाकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बीए पंचम सेमेस्टर की छात्राएं अर्शी, महक परवीन और मंतशा ने महाराष्ट्र की पारंपरिक संस्कृति को रंगों के माध्यम से दर्शाया, जिसे उपस्थित दर्शकों ने खूब सराहा।टेक्सटाइल डिजाइनिंग की प्रस्तुति के दौरान सना, मुशयिबा, आफरीन, नाजिया, समरीन, सायमा, सिद्रा और कशिश ने न्यूजपेपर की सहायता से विविध प्रकार की ड्रेस कटिंग एवं फैशन डिजाइन तैयार किए, जो रचनात्मकता और कौशल का उत्कृष्ट उदाहरण रहे।डा. नीतू त्यागी ने कहा कि सभी छात्राएं अपनी कला और डिजाइनिंग कौशल को व्यावसायिक रूप देकर आत्मनिर्भरता की दिशा में अग्रसर हो सकती हैं। उन्होंने बताया कि मिशन शक्ति का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक, सामाजिक और रचनात्मक रूप से सक्षम बनाना है।कार्यक्रम के सफल आयोजन में मो. सुहेब, अदनान सैफी, सादिया, मुस्कान, निशा और निक्की का विशेष सहयोग रहा। महाविद्यालय परिसर में हुए इस आयोजन ने छात्राओं में उत्साह व आत्मविश्वास का संचार किया।
