कैराना। मिशन शक्ति-5.0 अभियान के अंतर्गत सोमवार को कस्बे के मोहल्ला दरबारखुर्द में पुलिस टीम द्वारा महिलाओं की सुरक्षा और अधिकारों को लेकर जनजागरूकता चौपाल का आयोजन किया गया।कार्यक्रम की अगुवाई एसआई चंद्रशेखर ने की।
उनके साथ मिशन शक्ति व एंटी रोमियो टीम की सदस्य महिला कांस्टेबल स्वाति एवं अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे। चौपाल में टीम ने महिलाओं और लड़कियों को उनके कानूनी अधिकारों, आत्मरक्षा के उपायों तथा शासन द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी।इस दौरान टीम ने हेल्पलाइन नंबर 112, 1090, 1076, 108, और 102 की जानकारी साझा की। साथ ही बताया गया कि किसी भी आपात स्थिति या उत्पीड़न की घटना में इन नंबरों पर तुरंत संपर्क करें और बिना किसी झिझक के शिकायत दर्ज कराएं।पुलिस टीम ने स्थानीय महिलाओं से खुलकर अपने मुद्दे साझा करने का आग्रह किया और उन्हें आत्मनिर्भर एवं सजग नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं ने मिशन शक्ति अभियान की सराहना करते हुए इसे महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
