
बाइक चोरी के विरोध में बुजुर्ग दंपत्ति पर गोलीकांड, पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल!
आरोपी का कुख्यात इतिहास: ऋतिक पहले भी वकील पर जानलेवा हमले में जेल जा चुका!
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, गांव के दो नामजद और एक अज्ञात आरोपी की तलाश शुरू!
कैराना। शामराणा थाना क्षेत्र के ऊंचागांव में बुधवार देर शाम एक बर्बर गोलीकांड ने गांव में दहशत फैला दी। बाइक चोरी का विरोध करने पर तीन आरोपियों ने बुजुर्ग दंपत्ति रामपाल (65) और उनकी पत्नी सुदेश (60) को उनके घर में घुसकर फायरिंग कर दी। घटना में दोनों पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें पहले पानीपत और फिर चंडीगढ़ के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां रामपाल की हालत अत्यंत नाजुक बताई जा रही है।
घटना बुधवार शाम करीब 8:45 बजे घटी। आरोप है कि गांव के ही ऋतिक, गौरव और एक अज्ञात व्यक्ति ने रामपाल के घर में घुसकर अचानक फायरिंग शुरू कर दी। रामपाल के चेहरे और आंखों पर छर्रे लगे, जबकि सुदेश के कंधे में गोलियां समाईं। गोलीकांड के बाद आरोपी फरार हो गए। पीड़ितों के परिजनों ने बताया कि यह हमला बाइक चोरी को लेकर हुए विवाद के बाद हुआ। रामपाल के भाई सुंदर ने कोतवाली में ऋतिक, गौरव और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ हत्या का प्रयास, हथियारों के इस्तेमाल समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह और चौकी प्रभारी राकेश गौतम मौके पर पहुंचे। जनपद प्रभारी प्रमोद बैंसला के निर्देश पर फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने बताया कि आरोपी और पीड़ित एक ही परिवार के सदस्य हैं, जिससे पारिवारिक विवाद की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पीड़ित पक्ष का आरोप है कि यह कार्रवाई बाइक चोरी के विरोध में की गई।
नामजद आरोपी ऋतिक का यह पहला अपराध नहीं है। 21 अगस्त 2022 को उसने अपने भाई और पिता के साथ वरिष्ठ अधिवक्ता वीरेंद्र सिंह पर जानलेवा हमला किया था। उस मामले में तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। यह केस अभी कैराना कोर्ट में चल रहा है। पुलिस का कहना है कि ऋतिक के खिलाफ पहले से ही कई गंभीर धाराएं दर्ज हैं और वह स्थानीय स्तर पर आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है।
पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। कोतवाली प्रभारी ने बताया, “मामला गंभीर है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।” साथ ही, घायल दंपत्ति के इलाज पर नजर रखी जा रही है। गांव में इस घटना के बाद सुरक्षा बढ़ा दी गई है।