शामली। जनपद न्यायालय शामली के कैराना परिसर में स्थित जलपान गृह (चाय की कैंटीन एवं खानपान की दुकान) की नीलामी वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 10 जून 2026 को आयोजित की जाएगी। यह नीलामी अपराह्न 4:30 बजे न्यायालय परिसर के सभागार कक्ष, कैराना में होगी।
अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं नीलामी समिति के अध्यक्ष नवीन कुमार सिंह ने बताया कि नीलामी निर्धारित शर्तों के अनुसार संपन्न कराई जाएगी। नीलामी के लिए न्यूनतम बोली 3,50,000 रुपये रखी गई है तथा धरोहर राशि 35,000 रुपये तय की गई है।
इच्छुक प्रतिभागियों को धरोहर राशि नीलामी से पूर्व 9 जून 2026 को दोपहर 2 बजे से 4 बजे के बीच जनपद न्यायालय के केंद्रीय नजरात में जमा करानी होगी। धरोहर जमा करने के बाद ही प्रतिभागी बोली में भाग ले सकेंगे। नियमों के अनुसार सफल बोलीदाता को अंतिम बोली राशि पर नियमानुसार कर अलग से भुगतान करना होगा।
नीलामी की शर्तों के मुताबिक, बोली की कुल राशि का 50 प्रतिशत मौके पर ही नकद जमा करना अनिवार्य होगा, जबकि शेष 50 प्रतिशत राशि 31 दिसंबर 2026 तक जमा करनी होगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भुगतान केवल नकद स्वीकार किए जाएंगे; चेक या ड्राफ्ट स्वीकार नहीं होंगे।
अधिकारियों ने बताया कि नीलामी से संबंधित अंतिम निर्णय जनपद न्यायाधीश, शामली के पास सुरक्षित रहेगा और उनका निर्णय सभी प्रतिभागियों के लिए बाध्यकारी होगा।
