ग्राम हरडा खेड़ी और चिलकाना मार्ग के बीच अवैध मिट्टी खनन का काम खुलेआम जारी है। खनन माफिया दर्जनों ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को ओवरलोड करके धूल उठाते हुए पिलखनी मार्ग से पिलखनी उद्यान क्षेत्र (सरसावा थाना क्षेत्र) तक ले जा रहे हैं और वहां प्लॉटिंग के नाम पर मिट्टी का भराव कर रहे हैं।
सूत्रों के मुताबिक चिलकाना क्षेत्र से निकलने वाली ये ट्रैक्टर-ट्रोलियाँ न केवल ओवरलोड हैं, बल्कि एनजीटी की नियमावली की शर्तों की भी खुलेआम अवहेलना कर रही हैं। खनन कार्य के दौरान जेसीबी मशीनों से जमीन खोदकर बड़े पैमाने पर मिट्टी निकालने की कार्रवाइयां भी की जा रही हैं, जिससे आसपास के वातावरण में भारी धूल फैल रही है और ग्रामीणों को सांस लेने में कठिनाई जैसी समस्याएँ हो रही हैं। अवैध खनन और परिवहन न सिर्फ सहारनपुर खनन विभाग और परिवहन विभाग के नियमों की धज्जियाँ उड़ा रहा है, बल्कि प्रशासन की अनदेखी के कारण यह गतिविधि बेखौफ चल रही है। आरोप है कि खनन से राजस्व बचे जाने के साथ ही सुरक्षा मानकों की अनदेखी भी हो रही है, जिससे बड़े हादसे की संभावनाएँ बन रही हैं।
खनन गतिविधि सड़कों पर ओवरलोड वाहनों के कारण यातायात बाधित हो रहा है और ग्रामीण इलाकों में राहगीरों एवं बच्चों के लिए खतरा बढ़ गया है। स्थानीय समाज के प्रतिनिधियों ने प्रशासन से तुरंत कार्रवाई, खनन व परिवहन विभाग द्वारा निरीक्षण और ओवरलोड वाहनों के खिलाफ सख्त प्रवर्तन की मांग की है।
