
नगर निगम में पार्षदो के साथ होली खेलते मेयर संजीव वालिया व नगरायुक्त ज्ञानेन्द्र सिंह
सहारनपुर। नगर निगम में कर्मचारियों द्वारा आयोजित होली मिलन समारोह में उत्साहपूर्वक रंग महोत्सव मनाया गया। समारोह में जहां अबीर गुलाल उड़े, वहीं चुटकले और कविताओं ने भी समां बांध दिया। मेयर संजीव वालिया और नगरायुक्त ज्ञानेन्द्र सिंह ने सभी पार्षदों, नागरिकों और अधिकारियों-कर्मचारियों के होली पर्व की शुभकामनाएं देते हुए सहृदयता के साथ पर्व मनाने की अपील की।
नगर निगम में गुलाल व रंगों की बौछार के बीच अधिकारियों-कर्मचारियों और पार्षदों ने जमकर धमाल मचाया। साहित्यकार डॉ0 वीरेन्द्र आज़म ने चुनावी छन्द और हास्य कवितायें सुनायीं तो पूरा माहौल ठहाकों से गूंज उठा। इन्द्रधनुषी रंगों के बीच पार्षद मुकेश गक्खड़, अशोक राजपूत, आशुतोष सहगल, मान सिंह जैन, रमेश छाबड़ा, गोपाल दास, मनोज जैन, रेखा रोहिला, रमण चौधरी, यशपाल, कार्तिक चौहान, प्रदीप उपाध्याय, पार्षद प्रतिनिधि किशोर शर्मा के अलावा अपर नगरायुक्त राजेश यादव ने भी होली की शुभकामनाएं दीं। नगरायुक्त ज्ञानेन्द्र सिंह, सपना ठाकुर, रमेश छाबड़ा आदि ने भी गीत चुटकले सुनाकर मनोरंजन किया।
मेयर संजीव वालिया ने रंगों और पर्व का महत्त्व बताते हुए कहा कि होली के रंग सदभाव, स्नेह और प्यार का संदेश देते हैं। उन्होंने सभी जनपदवासियों को होली पर्व को शांति और सदभाव के साथ मनाने की अपील की। नगरायुक्त ज्ञानेन्द्र सिंह ने कहा कि होली के रंगों ने नगर निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों में एक ऐसी उमंग और उत्साह का संचार किया है जो स्वच्छ सर्वेक्षण में सहारनपुर को नम्बर वन लाने में मदद करेगा। उक्त के अलावा नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ0 कुनाल जैन, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी रबीश चौधरी, मुख्य नगर लेखा परीक्षक अजय कुमार, लेखाधिकारी राजीव कुशवाहा, ज्येष्ठ लेखा परीक्षक अजमैन, कर अधीक्षक विनय शर्मा व सुधीर शर्मा, कार्यालय अधीक्षक मनोज दीक्षित आदि मौजूद रहे। संचालन डॉ0 वीरेन्द्र आज़म ने किया।