FB_IMG_1787065458890

 

सहारनपुर:- चिलकाना रोड स्थित एल्पाइन पब्लिक स्कूल में मंगलवार को अवॉर्ड सेरेमनी एवं इन्वेस्टीचर सेरेमनी का भव्य एवं गरिमापूर्ण आयोजन किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि एसएचओ एच. एन. सिंह इंस्पेक्टर ओमपाल सिंह एवं सब इंस्पेक्टर यमुना प्रसाद सब इंस्पेक्टर रश्मि सिंह मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

 

समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।

 विद्यालय के नन्हे-मुन्ने नर्सरी के विद्यार्थियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर मुख्य अतिथि का आत्मीय स्वागत किया। इसके पश्चात विद्यालय के डायरेक्टर श्री असद, चीफ कोऑर्डिनेटर श्री सरवत जमाल, प्रधानाचार्य श्री शकील अहमद एवं मैनेजर असमा परवीन ने मुख्य अतिथि एवं अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत ने समारोह के वातावरण को उल्लास एवं गरिमा से भर दिया।

 

समारोह का प्रमुख आकर्षण शैक्षणिक सत्र

2025–26 की बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कक्षा 10 एवं कक्षा 12 के विद्यार्थियों का सम्मान रहा। विद्यालय की ओर से विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर उनकी मेहनत और उपलब्धियों को सम्मानित किया गया।

 

कक्षा दसवीं टॉपर विद्यार्थी

कक्षा 10 में अलीशा खालिद ने 92.8 प्रतिशत, आइज़ा तबस्सुम ने 90.8 प्रतिशत तथा हुमैरा ने 90.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त किया। रिया ने 90 प्रतिशत अंक प्राप्त किए और उन्हें एप्रिसिएशन अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।

 

 कक्षा 12 में टॉपर रहे विद्यार्थी

कक्षा 12 में सना परवीन ने 91.8 प्रतिशत, ज्योति सैनी ने 90.2 प्रतिशत तथा अफरीन ने 89 प्रतिशत अंक प्राप्त कर क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त किया।

 

इन्वेस्टीचर सेरेमनी में विद्यार्थियों को मिली नेतृत्व की जिम्मेदारी

अवॉर्ड सेरेमनी के साथ आयोजित इन्वेस्टीचर सेरेमनी समारोह का दूसरा प्रमुख आकर्षण रही। इस अवसर पर विद्यार्थियों को विद्यालय की विभिन्न जिम्मेदारियाँ सौंपते हुए उन्हें नेतृत्व का अवसर प्रदान किया गया।

 

ज़ईन फातिमा को हेड गर्ल तथा यशवर्धन को हेड बॉय नियुक्त किया गया

इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों को कल्चरल कमेटी, स्पोर्ट्स कमेटी एवं डिसिप्लिन कमेटी सहित विभिन्न समितियों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियाँ सौंपी गईं। इन दायित्वों का उद्देश्य विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, टीम भावना, निर्णय लेने की क्षमता एवं उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना रहा। नव-नियुक्त छात्र पदाधिकारियों ने अपने दायित्वों को निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ निभाने का संकल्प लिया।

 

मुख्य अतिथि एसएचओ एच. एन. सिंह ने विद्यार्थियों को अनुशासन एवं सुव्यवस्थित दिनचर्या के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रातः समय पर उठने, नियमित दिनचर्या अपनाने, समय का सदुपयोग करने तथा अपने लक्ष्यों के प्रति निरंतर समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने विद्यार्थियों को साइबर क्राइम एवं डिजिटल सुरक्षा के प्रति भी जागरूक किया तथा इंटरनेट और सोशल मीडिया का सावधानीपूर्वक एवं जिम्मेदारी के साथ उपयोग करने की सलाह दी।

सब-इंस्पेक्टर रश्मि सिंह ने विद्यार्थियों को विशेष रूप से महिला सुरक्षा एवं व्यक्तिगत सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। उन्होंने विद्यार्थियों को सतर्क रहने तथा किसी भी असुरक्षित परिस्थिति में तुरंत उचित सहायता लेने के लिए प्रेरित किया।

 

समारोह को संबोधित करते हुए प्रधानाचार्य श्री शकील अहमद ने विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों एवं नेतृत्व क्षमता की सराहना की। उन्होंने विद्यालय के मूल मंत्र “Love and Serve Humanity” पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल अच्छे अंक प्राप्त करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में मानवता, सेवा-भाव, करुणा, अनुशासन एवं जिम्मेदारी जैसे मूल्यों का विकास करना भी है।

उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित किया कि वे अपनी प्रतिभा और क्षमताओं का उपयोग केवल व्यक्तिगत सफलता के लिए न करें, बल्कि समाज एवं मानवता की सेवा के लिए भी करें। उन्होंने सम्मानित विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ देते हुए सभी विद्यार्थियों से विद्यालय के मूल मंत्र “Love and Serve Humanity” को अपने व्यवहार एवं जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

अवॉर्ड एवं इन्वेस्टीचर सेरेमनी विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों के सम्मान के साथ-साथ नेतृत्व, अनुशासन, जिम्मेदारी, सुरक्षा-जागरूकता एवं आत्मविश्वास के विकास की दिशा में एक सार्थक एवं प्रेरणादायी पहल साबित हुई। समारोह ने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा को निखारने, जिम्मेदारियाँ निभाने तथा भविष्य में समाज और मानवता के लिए सकारात्मक योगदान देने की प्रेरणा प्रदान की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!