प्रतापगढ़: यूपी के प्रतापगढ़ जिले में एक बार फिर वही कहानी दोहराई गई। पति ने अपनी पत्नी को उसके प्रेमी के साथ रंगे हाथों पकड़ लिया। इसके बाद जो हुआ वह किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं।
पत्नी प्रेमी से शादी की जिद पर अड़ गई। इसके बाद पति ने प्राचीन शिव मंदिर में पत्नी की शादी प्रेमी से करवा दी। पत्नी ने पति के सामने प्रेमी के पांव छुए। इस दौरान दोनों बच्चों ने मां संग जाने से इनकार कर दिया।
यह अनोखी घटना आसपुर देवसरा के एक गांव में रविवार को हुई। पति ने शनिवार की रात पत्नी को उसके प्रेमी के साथ पकड़ा था। सुबह यह मामला थाने पहुंचा, जहां दिन भर पंचायत चली। पंचायत में पत्नी ने साफ कह दिया कि वह अपने प्रेमी को नहीं छोड़ेगी। पति की शादी 2016 में हुई थी और उनके दो बच्चे हैं, एक सात साल का और दूसरा चार साल का। पत्नी की जिद के आगे पति को झुकना पड़ा और उसने अपनी पत्नी की शादी उसके प्रेमी के साथ अमरगढ़ प्राचीन शिव मंदिर में करवा दी।
इलाके में होती रही चर्चा
इस शादी को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। चौकी इंचार्ज अमरगढ़ संजय राय ने बताया कि विवाहिता ने प्रेमी से विवाह कर लिया है और इसके लिए उसके पति ने भी सहमति दी है। यह कोई पहला मामला नहीं है। एक महीने पहले अंतू के एक गांव में भी ऐसा ही मामला सामने आया था, जहां पति को अपनी पत्नी को उसके प्रेमी के साथ विदा करना पड़ा था।
