कैराना। कस्बे के विजय सिंह पथिक राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ. राकेश कुमार ने बताया कि महाविद्यालय की नेशनल कैडेट्स कोर(एनसीसी) के सीनियर कैडेट संयम शर्मा का चयन गणतंत्र दिवस के अवसर पर कर्तव्य पथ पर होने वाली परेड के लिए हुआ है, जिससे महाविद्यालय स्टाफ एवं समस्त क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर है। संयम शर्मा के चयन से महाविद्यालय के दूसरे एनसीसी कैडेट्स को भी प्रेरणा मिली है। उन्होंने बताया कि गणतंत्र दिवस के अवसर पर दिल्ली में कर्तव्य पथ पर तीनों सेनाओं के सैनिक कौशल दिखाते हुए मार्च करके अपने शौर्य का प्रदर्शन करते है। उसी क्रम में हर बार की भांति इस बार भी एनसीसी आर्मी यूनिट के कैडेट्स भी पथ संचलन कर एकता, अनुशासन एवं धैर्य का परिचय देते है। संयम शर्मा जनपद शामली के गांव बधेव कन्नूखेड़ा निवासी मोहित शर्मा के सुपुत्र है। वह एनसीसी शामली की 85वीं बटालियन में उत्तम कैडेट होने के साथ ही साइंस के विद्यार्थी भी है। संयम शर्मा का सपना भारतीय सेना में अफसर बनकर मां भारती की सेवा करना है। संयम शर्मा के चयन पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ हरेंद्र सिंह, एनसीसी प्रभारी एवं समस्त प्राध्यापकों ने शुभकामनाएं प्रेषित की है।
