कैराना। गांव अकबरपुर सुनहेटी निवासी दो सगे भाईयों पर कबाड़ी की दुकान में चोरी करने व महिला के साथ में अश्लील हरकत करने व कपड़े फाड़ने के आरोप में एसपी के आदेश पर मुकदमा दर्ज हुआ है।
कस्बे के मोहल्ला खैलकलां निवासी एक व्यक्ति ने एसपी शामली नरेन्द्र प्रताप सिंह के निर्देश पर कोतवाली कैराना पर मुकदमा दर्ज कराया है। बताया कि उसकी कबाड़ी की एक दुकान मोहल्ले में ही स्थित है। विगत 27 दिसंबर की रात्रि करीब दो बजे उसे दुकान में चोरों के घुसने की सूचना मिली, जिस पर वह और उसका पुत्र दुकान पर पहुंचे। आरोप है कि दुकान के बाहर खड़े दो आदमी उन्हें देखकर भाग गए, जबकि दो अन्य आदमी शटर व दीवार तोड़कर चोरी की नीयत से दुकान के अंदर घुसे हुए थे। दुकान में घुसे चोरों ने उसकी दुकान से प्लास्टिक का सामान, वेल्डिंग मशीन, कटर आदि बांध रखा था। उसने और उसके पुत्र ने दोनों को पकड़ लिया। पकड़े गए दोनों आरोपियों को वह पहले से जानता था। दोनों आरोपी गांव अकबरपुर सुनहेटी निवासी सादिक उर्फ बंदर व उसका भाई मुसाहिब उर्फ मन्नू उर्फ सरवर थे। आरोप है कि पकड़े जाने पर आरोपियों ने दुकान के अंदर रखी लोहे की एंगल से जान से मारने की नीयत से उनके ऊपर हमला कर दिया। आरोपियों के हमले में वह और उसका पुत्र गम्भीर रूप से घायल हो गए। शोर सुनकर दुकान का पड़ोसी इंतज़ार बाहर आया तो आरोपियों ने उसे भी हमला करके लहूलुहान कर दिया। कुछ देर बाद उसकी पत्नी मौके पर आ गई। आरोप है कि आरोपियों ने बदनीयती उसे भी दबोच लिया तथा छेड़छाड़ करते हुए उसके कपड़े फाड़ दिए। शोर-शराबा सुनकर आसपास के काफी लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। मामले की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को अपने साथ में कोतवाली ले आई।
आरोपियों के पिता ने भी दर्ज करा रखा है मुकदमा
मामले में दोनों आरोपियों के पिता रुकमदीन ने भी कोतवाली कैराना पर विगत 28 दिसंबर को मुकदमा दर्ज कराया था। बताया कि उसके पुत्र सादिक उर्फ बंदर व मुसाहिब उर्फ मन्नू उर्फ सरवर कैराना निवासी कबाड़ी की पुत्री से मिलने के लिए उनके घर चले गए थे, जिस पर कबाड़ी व उसके दो पुत्रों ने उसके दोनों बेटों को मारपीट करके गम्भीर रूप से घायल कर दिया था। उसके दोनों बेटों के सिर में गम्भीर चोट आई थी, जिन्हें बेहोशी की हालत में सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहीं, कस्बे की इमामगेट पुलिस चौकी प्रभारी एसआई गौरव चौहान ने बताया कि 27 दिसंबर की रात्रि दुकान में चोरी के आरोप में पकड़े गए दो युवकों को गम्भीर हालत में पुलिस को सौंपा गया था, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
